सुबह सुबह ठंडे पानी से नहाना
अगर आप कड़कड़ाती सर्दी में भी ठंडे पानी से नहाने से गुरेज नहीं करते तो संभल जाइए। ऐसा करने से आपको हार्ट अटैक, ब्लड प्रेशर बढ़ने की शिकायत हो सकती है। चिकित्सक भी इस बात की सलाह देते है कि सर्दियों में ठंडे पानी में नहाना आपको मुसीबत में डाल सकता है। इसलिए सर्दी के इस मौसम में गरम पानी या फिर गुनगुने पानी से स्नान करना ही बेहतर होता है।
चिकित्सक बताते है कि सर्दियों में रात के रखे ठंडे पानी या टंकी के पानी से नहाने पर रक्त बहाव कम हो जाता है। इससे कई बार शरीर में सिकुड़न होने के कारण कई महत्वपूर्ण हिस्सों पर रक्त का संचालन कम हो जाता है। ऐसे में दिल की धमनियों में रक्त न जा पाने के कारण हार्ट अटैक की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसके अलावा ब्लड प्रेशर की बढ़ने की भी शंका रहती है।
ठंडे पानी से सबसे ज्यादा ब्लड प्रेशर बढ़ने के संभावना रहती है। उन्होंने बताया कि इससे मधुमेह के मरीजों को भी परहेज रखना चाहिए। इसका कारण है कि खून की नियमित सप्लाई कम होने से मधुमेह के मरीजों में अन्य समस्या भी पैदा हो सकती है। यदि कोई घाव है तो वह भरने की बजाय और ज्यादा फैल सकता है। नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. आरके नय्यर ने बताया कि ठंडे पानी से नहाने से आंखों पर भी असर पड़ता है। इससे आंखों की नसें सिकुड़ सकती हैं और आंखों में सूजन भी बढ़ सकती है। इसके अलावा सरवाईकल की भी परेशानी हो सकती है। चिकित्सक बताते है कि खून की सप्लाई ठीक से न होने पर गुर्दे पर भी असर पड़ता है।
इसके अलावा रेस्पीरेटरी इंफेक्शन की भी संभावना रहती है। बच्चे इसकी चपेट में सबसे ज्यादा आते हैं। खांसी, जुकाम और निमोनिया की परेशानी जिसको नहीं है उसको भी हो सकती है। दिमाग पर भी इसका असर पड़ता है। सुबह के समय ठंडे पानी से नहाने पर आपके शरीर में दर्द भी हो सकता है।
कैसे करे बचाव?
- हल्के गुनगुने पानी से नहाएं
- सोकर उठने के साथ ही एकदम न नहाएं
- बच्चों को ज्यादा गर्म पानी से नहलाने से परहेज करे